Sunday, December 4, 2011

तू तो ना आए तेरी याद सताए





मुंबई। ताउम्र जिंदगी का जश्न मनाने वाले सदाबहार अभिनेता देव आनंद सही मायने में एक अभिनेता थे जिन्होंने अंतिम सास तक अपने कर्म से मुंह नहीं फेरा। देव साहब की तस्वीर आज भी लोगों के जेहन में एक ऐसे शख्स की है जिसका पैमाना न केवल जिंदगी की रूमानियत से लबरेज था बल्कि जिसकी मौजूदगी आसपास के माहौल को भी नई ताजगी से भर देती थी।इस करिश्माई कलाकार ने 'मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया हर फिक्र को धुएं में उड़ाता चला गया ़ ़ ़' के दर्शन के साथ जिंदगी को जिया। यह उनकी 1961 में आई फिल्म ' हम दोनों' का एक सदाबहार गीत है और इसी को उन्होंने जीवन में लफ्ज दर लफ्ज उतार लिया था।देव साहब ने बीती रात लंदन में दुनिया को गुडबॉय कह दिया। सुनते हैं कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। वैसे तो वह जिंदगी के 88 पड़ाव पार कर चुके थे लेकिन वो नाम जिसे देव आनंद कहा जाता है, उसका जिक्र आने पर अभी भी नजरों के सामने एक 20-25 साल के छैल छबीले नौजवान की शरारती मुस्कान वाली तस्वीर तैर जाती है, जिसकी आखों में पूरी कायनात के लिए मुहब्बत का सुरूर है।देव साहब के अभिनय और जिंदादिली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब राज कपूर और दिलीप कुमार जैसे कलाकारों ने फिल्मों में नायक की भूमिकाएं करना छोड़ दिया था उस समय भी देव आनंद के दिल में रूमानियत का तूफान हिलोरे ले रहा था और अपने से कहीं छोटी उम्र की नायिकाओं पर अपनी लहराती जुल्फों और हालीवुड अभिनेता ग्रेगोरी पैक मार्का इठलाती टेढ़ी चाल से वह भारी पड़ते रहे।'जिद्दी' से शुरू होकर देव साहब का फिल्मी सफर, 'जानी मेरा नाम', 'देस परदेस', 'हरे रामा हरे कृष्ण' जैसी फिल्मों से होते हुए एक लंबे दौर से गुजरा और अपने अंतिम सास तक वह काम करते रहे। उनकी नई फिल्म 'चार्जशीट' रिलीज होने के लिए तैयार है और वह अपनी फिल्म 'हरे रामा हरे कृष्णा' की अगली कड़ी पर भी काम कर रहे थे।लेकिन इस नई परियोजना पर काम करने के लिए देव साहब नहीं रहे। बीते सितंबर में अपने 88वें जन्मदिन पर उन्होंने कहा था कि मेरी जिंदगी में कुछ नहीं बदला है और 88वें साल में मैं अपनी जिंदगी के खूबसूरत पड़ाव पर हूं। मैं उसी तरह उत्साहित हूं जिस तरह 20 साल की उम्र में होता था। मेरे पास करने के लिए बहुत काम है और मुझे 'चार्जशीट' के रिलीज होने का इंतजार है।मैं दर्शकों की माग के अनुसार, 'हरे रामा हरे कृष्णा आज' की पटकथा पर काम कर रहा हूं। देव साहब की फिल्में न केवल उनकी आधुनिक संवेदनशीलता को बया करती थीं बल्कि साथ ही भविष्य की एक नई इबारत भी पेश करती थीं। वह हमेशा कहते थे कि उनकी फिल्में उनके दुनियावी नजरिए को पेश करती हैं और इसीलिए सामाजिक रूप से प्रासंगिक मुद्दों पर ही आकर बात टिकती है।उनकी फिल्मों के शीर्षक अव्वल नंबर, 'सौ करोड़', 'सेंसर' , 'मिस्टर प्राइम मिनिस्टर ' तथा 'चार्जशीट' इसी बात का उदाहरण है।वर्ष 2007 में देव साहब ने अपने संस्मरण 'रोमासिंग विद लाइफ' में स्वीकार किया था कि उन्होंने जिंदगी में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और हमेशा भविष्य को आशावादी तथा विश्वास के नजरिए से देखा। अविभाजित पंजाब प्रात में 26 सितंबर 1923 को धर्मदेव पिशोरीमल आनंद के नाम से पैदा हुए देव आनंद ने लाहौर के गवर्नमेंट लॉ कालेज से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की शिक्षा हासिल की थी।नामी गिरामी वकील किशोरीमल के वह दूसरे नंबर के बेटे थे। देव की छोटी बहन शीला काता कपूर है जो अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फिल्म निर्माता शेखर कपूर की मा हैं। उनके बड़े भाई चेतन आनंद और छोटे भाई विजय आनंद थे।अभिनय के प्रति उनकी दीवानगी उन्हें अपने गृह नगर से मुंबई ले आई जहा उन्होंने 160 रुपये प्रति माह के वेतन पर चर्चगेट पर सेना के सेंसर आफिस में कामकाज संभाल लिया। उनका काम था सैनिकों द्वारा अपने परिजनों को लिखे जाने वाले पत्रों को पढ़ना।उन्हें पहली फिल्म 1946 में 'हम एक हैं' मिली। पुणे के प्रभात स्टूडियो की इस फिल्म ने उनके कैरियर को कोई रफ्तार नहीं दी। इसी दौर में उनकी दोस्ती साथी कलाकार गुरू दत्त से हुई और दोनों के बीच एक समझौता हुआ। समझौता यह था कि यदि गुरू दत्त ने फिल्म बनाई तो उसमें देव आनंद अभिनय करेंगे।देव आनंद को पहला बड़ा ब्रेक अशोक कुमार ने 'जिद्दी' में दिया। बाबे टाकीज की इस फिल्म में देव साहब के साथ कामिनी कौशल थी और 1948 में आई इस फिल्म ने सफलता के झडे गाड़ दिए।1949 में देव आनंद खुद निर्माता की भूमिका में आ गए और नवकेतन नाम से अपनी फिल्म कंपनी की शुरुआत की और अपने वादे के अनुसार उन्होंने गुरू दत्त को 'बाजी ' [1951] के निर्देशन की जिम्मेदारी सौंपी। दोनों की यह जोड़ी नए अवतार में बेहद सफल रही।40 के उत्तरार्ध में देव साहब को गायिका अभिनेत्री सुरैया के साथ कुछ फिल्मों में काम करने का मौका मिला जो उस जमाने की स्थापित अभिनेत्री थी। इन फिल्मों की शूटिंग के दौरान उनकी सुरैया से नजरें लड़ गईं और प्रेम की चिंगारी ऐसी भड़की कि इस जोड़ी को दर्शकों ने सिल्वर स्क्रीन पर हाथों हाथ लिया। इन्होंने एक के बाद एक सात सफल फिल्में दी जिनमें विद्या [1948], जीत [1949] , अफसर [1950], नीली [1950] , दो सितारे [1951] तथा सनम [1951] थीं।विद्या के गाने 'किनारे किनारे चले जाएंगे ' की शूटिंग के दौरान सुरैया और देव आनंद के बीच प्यार का पहला अंकुर फूटा था। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान नाव डूबने लगी तो देव साहब ने ही जान की बाजी लगाकर सुरैया को डूबने से बचाया था।बेचैन दिल को देव अधिक समय तक संभाल नहीं पाए और 'जीत' के सेट पर सुरैया के सामने प्यार का इजहार कर दिया लेकिन सुरैया की नानी ने हिंदू होने के कारण देव साहब के साथ उनके संबंधों का विरोध किया। इसी वजह से सुरैया तमाम उम्र कुंवारी बैठी रहीं।नवकेतन के बैनर तले देव साहब ने 2011 तक 31 फिल्में बनाईं। ग्रेगोरी पैक स्टाइल में उनका डायलाग बोलने का अंदाज, उनकी खूबसूरती पर चार चाद लगाते उनके हैट और एक तरफ झुककर, हाथों को ढीला छोड़कर हिलाते हुए चलने की अदा उस जमाने में लड़किया देव साहब के लिए पागल रहती थीं।'जाल', 'दुश्मन', 'काला बाजार' और 'बंबई का बाबू' फिल्मों में उन्होंने नायक की भूमिका को नए और नकारात्मक तरीके से पेश किया। अभी तक उनके अलोचक उन्हें कलाकार के बजाय शिल्पकार अधिक मानते थे लेकिन 'काला पानी' जैसी फिल्मों से उन्होंने अपने आलोचकों की बोलती बंद कर दी।उसके बाद 1961 में आई 'हम दोनों' और 1966 में आई 'गाइड' ने तो बालीवुड इतिहास में उनका नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कर दिया। 1970 में उनकी सफलता की कहानी का सफर जारी रहा और 'जानी मेरा नाम' तथा 'ज्वैल थीफ ' ने उन्हें नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया जिनका निर्देशन उनके भाई विजय आनंद ने किया था।वर्ष 2002 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित देव साहब राजनीतिक रूप से भी सक्रिय रहे थे। उन्होंने फिल्मी हस्तियों का एक समूह बनाया जिसने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गाधी द्वारा 1975 में लगाए गए आपातकाल के खिलाफ आवाज उठाई थी।1977 के संसदीय चुनाव में उन्होंने इंदिरा गाधी के खिलाफ चुनाव प्रचार किया और 'नेशनल पार्टी आफ इंडिया' का भी गठन किया जिसे बाद में उन्होंने भग कर दिया। कुछ भी कहिए 1923 से शुरू हुआ देव साहब का सफर अब मंजिल पर पहुंच कर एक नई मंजिल की ओर निकल गया है। अभी ना जाओ छोड़कर ।

No comments:

Post a Comment

सुशासन की त्रासदी

मेराज नूरी -------------- बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौनाचार मामले में पुलिस भी अब शक के घेरे में है। साथ ही राजनीतिक पार्टियां और...